जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन विस्तार व् जनहित को ले आंदोलन का ऐलान
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जैनामोड़ स्थित प्रजापति धर्मशाला में 11 सितंबर को आजसू पार्टी बोकारो जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सचिन महतो तथा संचालन जिला प्रवक्ता उमेश जायसवाल ने किया।
बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को धार देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में जिले के प्रत्येक प्रखंड में 100 सक्रिय सदस्य तैयार करने, बीएलए-2 का गठन करने, बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने तथा जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं को गांव और पंचायत स्तर पर आमजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी का असली आधार उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-पंचायत में आमजनों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझे और समाधान के लिए आवाज उठाए।
उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दु:ख में लगातार खड़े रहना ही संगठन की पहचान है। कहा कि आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी आंदोलन को और व्यापक बनाएगी।
केंद्रीय सदस्य सुरजन कपरदार ने कहा कि आजसू पार्टी केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आमजनों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम रहिवासियों की समस्याओं को सामने लाएं। कहा कि संगठन की मजबूती और जनहित का संघर्ष साथ-साथ चलेगा। प्रत्येक प्रखंड में सौ सक्रिय सदस्य तैयार करने का लक्ष्य पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा देगा।
बैठक के संचालक एवं जिला प्रवक्ता उमेश जायसवाल ने कहा कि संगठन विस्तार के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके साथ ही बीएलए-2 के गठन के माध्यम से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला कार्यसमिति की बैठक नियमित रूप से हर माह होगी और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। कार्यकर्ताओं को आमजनों के बीच रहकर जन समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने को कहा। बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने कहा कि आजसू पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी कार्यकर्ता सड़क से सदन तक मजबूती के साथ आवाज उठाएंगे। संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाकर पार्टी को और अधिक धारदार बनाया जाएगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार सहित स्थानीय जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि जन समस्याओं को लेकर पार्टी आगे चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी।
बैठक में केंद्रीय सचिव राजेश विश्वकर्मा, अश्विनी महतो, राजकुमार, केंद्रीय सदस्य सुरजन कपरदार, सुशेन रजवार, महेंद्र चौधरी, परमेश्वर सिंह, जिला प्रभारी कमलेश महतो, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अशोक महतो, जिला बुद्धिजीवी मंच अध्यक्ष विनोद कश्यप, एजेकेएसएस के नरेश महतो, जिला उपाध्यक्ष संजय दास, संतु सिंह, जिला सचिव नरेंद्र महतो, अमर लाल महतो, राजाराम साव, प्रखंड अध्यक्ष मनोज दास, मिश्री लाल महतो, अरुण महतो, कृष्णा महतो, धनुलाल महतो, पूर्व प्रमुख कसमार पुष्पा देवी, ऊषा देवी, विक्की कुमार, बासुदेव लहेरी, जलेश्वर महतो, ओम प्रकाश नायक, मिलन महतो, उमेश हजाम, अभिषेक रजवार, धनेश्वर महतो, गणेश प्रसाद, वीरू हरि, रुपेश महतो, चंदन सिन्हा, महेंद्र महतो, देवेंद्र नाथ महतो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply