Advertisement

सोनपुर के सबलपुर दियारा में बाढ़ से फसलें तबाह, सड़कें जर्जर, ब्लीचिंग फॉगिंग की मांग

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सबलपुर दियारा क्षेत्र से बाढ़ का पानी भले ही नदियों में सिमट गया हो, लेकिन यह अपने पीछे बर्बादी के गहरे निशान छोड़ गया है।

जानकारी के अनुसार सबलपुर दियारा की चारों पंचायतों में करोड़ों रुपये की खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों की कमर टूट गई है। यहां फसल क्षति के साथ ही संपर्क व्यवस्था भी चरमरा गई थी, जो धीरे -धीरे पटरी पर वापस लौट रही है। मुख्य सड़क से लेकर ग्रामीण सड़कों तक नुकसान की तस्वीर साफ झलकता है।

ज्ञात हो कि राहर दियारा चौक से सबलपुर नया बाजार जाने वाली मुख्य सड़क बाढ़ में सबसे अधिक प्रभावित हुई है। तेज बहाव के कारण सड़क के दोनों किनारों की करीब तीन फीट तक ईंट-सोलिंग और मिट्टी बह गई है। कई जगहों पर वन विभाग के पेड़ों की जड़ें भी बाहर आ गई है। स्थानीय ग्रामीण रहिवासियों का आरोप है कि निर्माण के दौरान पर्याप्त मिट्टी भराई न होने से हर साल इस मार्ग पर सबसे पहले बाढ़ का पानी चढ़ता है।

कहा जा रहा है कि नया बाजार हनुमान मंदिर चौक से मध्यवर्ती पंचायत भवन और बभन टोली जाने वाली सड़क काफी नीची होने से यहां पानी सबसे पहले भरता और सबसे देर से निकलता है। ग्रामीण इसे ऊंचा करने की वर्षों से मांग कर रहे हैं। वहीं बभन टोली स्थित शिव शक्ति गोरखनाथ मंदिर से नेवल टोला जाने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे ऊंचा कर ढलाई करना जरूरी है।

सबलपुर के कमला दत्त तिवारी और श्रीमन्नारायण तिवारी की ठाकुरबाड़ी से हस्ती टोला तक की पक्की सड़क और राम जिनिस सिंह चौक से कुम्हार टोली तक का मार्ग कई जगह नीचे होने से बाढ़ का पानी बस्तियों में घुस गया। भगवती स्थान से कचहरी बाजार रोड भी जगह-जगह टूट गया है।बर्बादी के इस मंजर को देखते हुए स्थानीय रहिवासियों ने जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त सभी सड़कों की तत्काल मरम्मत और ऊंचीकरण की मांग की है।

इसके अलावा चारों पंचायतों में फसलों और मृत पशुओं की सड़ांध से फैली दुर्गंध को देखते हुए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग, फसल क्षति का आकलन कर वंचित किसानों को मुआवजा देने की मांग की गयी है। ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की ओर से 7 हजार रुपये की सहायता मिली है, लेकिन जो पीड़ित अब भी वंचित हैं, उनका पुनः सर्वे कराकर राशि दी जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *