Advertisement

केजीबीवी चास में आत्महत्या की रोकथाम को ले जागरूकता कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आत्महत्या रोकथाम सप्ताह के अवसर पर 18 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) चास में छात्राओं के बीच आत्महत्या की रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य को लेकर क्विज एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव एवं भावनात्मक परेशानियों के प्रति जागरूक करना तथा संकट की स्थिति में समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

आयोजित कार्यक्रम में सदर अस्पताल बोकारो के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ प्रशांत कुमार मिश्रा, जिला परामर्शी एनटीसीपी बोकारो मो. असलम, सोशल वर्कर टीसीसी छोटेलाल दास एवं काउंसलर सुषमा कुमारी उपस्थित रहे। जागरूकता सत्र के दौरान छात्राओं को आत्महत्या के चेतावनी संकेतों को पहचानने, अपनी परेशानियों को खुलकर साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर परिवार, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी अथवा अन्य विश्वसनीय से सहायता लेने के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर डॉ प्रशांत कुमार मिश्रा ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भावनात्मक परेशानी या अत्यधिक तनाव की स्थिति में इंसान को अकेले संघर्ष करने के बजाय समय पर सहायता एवं परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपनी भावनाओं को साझा करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता के विजेता छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप टी-शर्ट प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को आओ खुलकर बात करें, आत्महत्या को रोकें का संदेश देते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच, संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई।

कार्यक्रम के अंत में जिला परामर्शी मो. असलम द्वारा सभी छात्राओं को आत्महत्या की रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरतमंद की सहायता करने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने शपथ लेकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने एवं अपने आसपास के रहिवासियों का सहयोग करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *