Advertisement

सेवानिवृत कर्मियों के लिए मेडिकल बिल जमा एवं ट्रैक करना अब आसान

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया की अनुशंगी सीसीएल के सेवानिवृत कर्मियों को मेडिकल बिल जमा करने के लिए अब कार्यालय नहीं आना होगा। सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 में ऑनलाइन घर बैठे बिल जमा कर सकेंगे। ट्रैक करना भी आसान हो गया है।

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत कर्मियों के चिकित्‍सीय ईलाज के मेडिकल बिल को जमा करने एवं ट्रैक करने में पारदर्शिता और सुगमता लाने के उद्देश्‍य से बीते 10 सितंबर को सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस रांची स्थित मंथन सभागार में सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएमडी सिंह ने निदेशक (मा.सं.) हर्ष नाथ मिश्र, सीवीओ पंकज कुमार की उपस्थिति में उपरोक्‍त पोर्टल को लॉन्च करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि पोर्टल को सीसीएल की अपनी टीम द्वारा आंतरिक रूप से विकसित किया गया है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। विशेष रूप से सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 के संबंध में उन्होंने रेखांकित किया कि अब सेवानिवृत्त कोल कर्मियों को चिकित्सा उपचार एवं उसके बाद प्रतिपूर्ति के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने सीपीआरएमएस पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से कहीं से भी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे और प्रक्रिया का लाभ उठा सकेंगे।

अपने सेवानिवृत्त कर्मियों को भी संस्थागत यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए उनकी सुविधाओं और कल्याणकारी सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाने की दिशा में प्रयासरत है। कहा कि सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 इसी सोच और प्रतिबद्धता को तकनीक से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। सीएमडी ने कहा कि किसी भी संस्थान की पहचान केवल उसके उत्पादन, व्यवसाय और उपलब्धियों से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह अपने कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति कितनी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देता है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा दावों की प्रक्रिया में पीआरबी, सीएमएस/मेडिकल और फाइनेंस जैसे विभिन्न विभागों की भूमिका होती है। पोर्टल इन विभागों के बीच दावों के इलेक्ट्रॉनिक संचालन को संभव बनाता है। इससे एक ओर लाभार्थी को अपने दावे की स्थिति के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी मिलती है, वहीं दूसरी ओर संबंधित विभागों के स्तर पर भी कार्य की निगरानी और पूर्ति में आसानी होगी।

सीसीएल मुख्यालय रांची द्वारा 18 सितंबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस पहल के मानवीय पक्ष को रेखांकित करते हुए महाप्रबंधक, सीसी एण्‍ड पीआर आलोक कुमार ने कहा कि सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके आश्रितों के लिए बेहतर, पारदर्शी एवं सुविधाजनक है। यह सीसीएल की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को तकनीक के माध्यम से और प्रभावी बनाने का प्रयास है। कहा गया कि जिन कर्मियों ने अपने सेवाकाल में संस्था की प्रगति में योगदान दिया है, उनके लिए सेवानिवृत्ति के बाद भी सुविधाजनक और सम्मानजनक सेवा उपलब्ध कराना एवं उनको स्‍वस्‍थ रखना कंपनी की नैतिक जिम्‍मेदारी है।

कहा गया कि सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 की एक उल्लेखनीय विशेषता यह है कि इसे सीसीएल के सिस्टम विभाग द्वारा इन-हाउस विकसित किया गया है। इसके विकास में पीआरबी, सीएमएस/मेडिकल और फाइनेंस विभागों के साथ समन्वय किया गया। सीपीआरएमएसई/एनई पोर्टल 2.0 इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह तकनीकी बदलाव को कर्मचारी कल्याण से जोड़ता है। इस पोर्टल के माध्यम से सीसीएल कागज-आधारित प्रक्रिया से डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सुगम सेवा व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। इसी सोच के साथ सीसीएल डिजिटल परिवर्तन को आगे बढ़ाते हुए कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के कल्याण को अपनी प्राथमिकताओं में निरंतर महत्वपूर्ण स्थान दे रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *