Advertisement

मोंटेसरी विद्यालय सहित तीन केंद्रों पर अखिल भारतीय ऑन-द-स्पॉट निबंध प्रतियोगिता

निबंध प्रतियोगिता में कुल 162 बच्चों ने लिया भाग, किए गये पुरस्कृत

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में महिला कल्याण संगठन सोनपुर द्वारा रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए अखिल भारतीय ऑन-द-स्पॉट निबंध प्रतियोगिता का 13 सितंबर को आयोजन किया गया। सोनपुर के मोंटेसरी विद्यालय सहित रेल मंडल के तीन केंद्रों पर आयोजित प्रतियोगिता में कुल 162 बच्चों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले बच्चों को संगठन द्वारा पुरस्कृत किया गया।

जानकारी के अनुसार संगठन की अध्यक्षा डॉ निधि सरन के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक लेखन, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करना रहा। प्रतियोगिता का आयोजन सोनपुर रेल मंडल के तीन केंद्रों पर किया गया। इसमें मोंटेसरी स्कूल विनोद भवन सोनपुर, इंटर कॉलेज गढ़हरा (बेगूसराय) तथा मध्य विद्यालय रेलवे कॉलोनी थाना बिहपुर शामिल हैं। तीनों केंद्रों पर कुल 162 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बताया जाता है कि केंद्र वार सहभागिता की दृष्टि से मोंटेसरी स्कूल सोनपुर में 67 प्रतिभागी, इंटर कॉलेज गढ़हरा में 50 तथा मध्य विद्यालय थाना बिहपुर में 45 प्रतिभागीयों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान तीनों केंद्रों पर महिला कल्याण संगठन की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार और अल्पाहार के पैकेट देकर उत्साहवर्धन किया गया।

सोनपुर स्थित मोंटेसरी स्कूल केंद्र पर संगठन की उपाध्यक्षा पल्लवी सिद्धार्थ, सचिव वसुंधरा सहित संगठन की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। वहीं गढ़हरा और थाना बिहपुर केंद्रों पर भी संगठन की सदस्याओं ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर अध्यक्षा डॉ निधि सरन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें सृजनात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *