Advertisement

पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता जुड़े नहीं-डीईओ-सह-डीसी

एसआईआर का डीईओ-सह-डीसी ने समीक्षा कर दिया जरूरी दिशा-निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ)-सह-उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 18 सितंबर को वीडियो संवाद के माध्यम से एसआईआर -2026 के तहत अनमैप्ड एवं एनोमलीज मामलों में संचालित सुनवाई की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ से मामलों की वर्तमान स्थिति तथा सुनवाई में आ रही कठिनाइयों एवं उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि डीईओ-सह-डीसी ने अधिकारियों से लंबित मामलों के समाधान के लिए अपनाई जा रही रणनीति तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में समाप्त करने की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की प्रकृति एवं वास्तविक स्थिति को समझते हुए समाधान की दिशा में ठोस प्रयास करें। कहा कि केवल औपचारिक सुनवाई तक सीमित नहीं रहें, बल्कि यह सुनिश्चित करें कि पात्र मतदाताओं की नागरिकता एवं पात्रता की पहचान निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, उनकी विधिवत जांच की जाए। आवश्यकतानुसार प्रमाण-पत्र, संबंधित अभिलेख अथवा निर्धारित अन्य माध्यमों से पात्रता एवं नागरिकता की पुष्टि की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में यह स्पष्ट रूप से सुनिश्चित करना है कि संबंधित रहिवासी भारत का नागरिक है अथवा नहीं तथा पात्रता की पुष्टि निर्धारित प्रक्रिया के तहत हो।

डीईओ-सह-डीसी झा ने कहा कि एनोमलीज मामलों को दूर करने के लिए प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति का अध्ययन किया जाए। कहा कि यदि किसी मामले में मतदाता सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो रहा है, तो उसके मामले को लंबित छोड़ने के बजाय एईआरओ एवं ईआरओ स्तर से आवश्यक जांच एवं सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

उन्होंने कहा कि किसी मतदाता के स्वयं उपस्थित नहीं हो पाने की स्थिति में मामले की प्रकृति के अनुसार परिवार के सदस्य, संबंधित ग्राम प्रधान/मुखिया अथवा अन्य उपलब्ध स्थानीय माध्यमों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्तर से सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों में किसी प्रकार की समस्या आ*रही है, उनमें एईआरओ एवं ईआरओ सुनवाई करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए मामले को जिला निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर अग्रसारित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई में उपस्थित नहीं होने वाले मतदाताओं की फाइलों को भी खोलकर एईआरओ एवं ईआरओ स्तर से नियमानुसार समीक्षा एवं आवश्यक सुनवाई की जाए। कहा कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति जानने और उसके समाधान के लिए उपलब्ध अभिलेखों एवं सूचनाओं का समुचित उपयोग किया जाए।

उन्होंने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं को नोटिस भेजने एवं सुनवाई की प्रक्रिया में अनावश्यक लंबित स्थिति को समाप्त करें तथा मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों से छूटे हुए पात्र एवं नए मतदाताओं के फॉर्म-6 प्राप्त करने का भी निर्देश दिया। कहा कि बूथ स्तर पर सक्रियता के साथ कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।

डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एसआईआर 2026 की पूरी प्रक्रिया में कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता जुड़े नहीं, इसी उद्देश्य को केंद्र में रखकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले को संवेदनशीलता, तथ्यात्मक जांच एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप देखते हुए समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास किया जाए। मौके पर ईआरओ गोमिया सह अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *