आगामी 23 अक्टूबर को मतदान, 98 केंद्रों पर 10,748 मतदाता करेंगे फैसला
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सफल संचालन को लेकर मतदान एवं मतगणना की तैयारियों की समीक्षा बैठक 14 अक्टूबर को आयुक्त कार्यालय सभागार छपरा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह- आयुक्त सारण प्रमंडल मनीष कुमार ने की।
बैठक में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान एवं सारण जिले के सहायक निर्वाची पदाधिकारी- सह-जिला पदाधिकारी तथा पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। सभी जिलों के पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक में मतदान केंद्रों पर दीवार लेखन, मतदान कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था, मतपेटियों की सुरक्षा, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, नियंत्रण कक्ष के संचालन तथा मतगणना केंद्र की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी जिलों को दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन और आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में अधिकारियों को मतपत्र के माध्यम से होने वाली मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। कहा गया कि मतदाता अपनी पसंद के अनुसार अधिमानता क्रम में अंक अंकित कर सकते हैं, लेकिन प्रथम अधिमानता अंकित करना अनिवार्य होगा। प्रथम अधिमानता नहीं होने पर मतपत्र अवैध माना जाएगा। अधिमानता के लिए केवल अंतरराष्ट्रीय अंक (1,2,3…) या रोमन अंक (I, II, III…) ही मान्य होंगे। अन्य किसी अंकन पद्धति के प्रयोग पर मतपत्र अवैध हो सकता है। अधिकारियों को मतदाताओं को इस संबंध में जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

गौरतलब है कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान आगामी 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से निर्धारित केंद्र पर होगी। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बैठक के अंत में आयुक्त ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी करने और प्रत्येक चरण में सतर्कता व समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
![]()













Leave a Reply