Advertisement

लोक संवाद में उपायुक्त ने सुनीं आमजनों की समस्या, 33 मामलों की सुनवाई

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से 9 अक्टूबर को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में हम आपको सुनते हैं… लोक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रहिवासियों की शिकायते सुनीं। कार्यक्रम में कुल 33 मामलों पर सुनवाई की गयी।

लोक संवाद में जिला उपायुक्त झा ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। लोक संवाद के माध्यम से आम रहिवासी सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रख सकते हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनका शीघ्र निष्पादन करें। वहीं, जांच अथवा विभागीय प्रक्रिया से जुड़े मामलों का नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *