पोलियो मुक्त भारत का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे रोटेरियन और युवा सदस्य
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पोलियो उन्मूलन के प्रति जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब चास, रोटरी क्लब मिडिल टाउन कपल और रोटरी क्लब बोकारो ने 24 अक्टूबर को संयुक्त रूप से पोलियो जागरूकता रैली निकाली। इसमें जीजीपीएस एवं आदर्श विद्या मंदिर के इंटरेक्ट क्लब और जीसीएसटी के रोट्रेक्ट क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली चास चेकपोस्ट के भारत माता की मूर्ति से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते पुनः वहीं आकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने पोलियो उन्मूलन और बच्चों को नियमित रूप से पोलियो की खुराक पिलाने के प्रति आमजनों को जागरूक किया तथा नारे लगाए।
इस अवसर पर रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि पोलियो उन्मूलन रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा अभियानों में शामिल है। भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रोटरी क्लब बोकारो की अध्यक्ष पूनम त्रेहान और मिड टाउन कपल के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनजागरूकता और नियमित टीकाकरण से आने वाली पीढ़ियों को इस बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।
सचिव विनोद चोपड़ा ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। सहायक मंडल अध्यक्ष पूजा बैद और निरूपमा सिंह ने भी पोलियो उन्मूलन के लिए जागरूकता को आवश्यक बताया। रैली में प्रियदर्शी जरूहार, ललिता चोपड़ा, संजय रस्तोगी, नरेंद्र सिंह, विजय अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, पूर्वी केजरीवाल, पल्लवी प्रसाद, कुमार अमरदीप सहित रोटरी, इंटरेक्ट और रोट्रेक्ट क्लब के अनेक पदाधिकारी व् सदस्यगण शामिल रहे।
![]()













Leave a Reply