Advertisement

रांची के कावेरी रेस्टोरेंट में मिला कॉकरोच, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। त्योहारों के खास मौसम में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच झारखंड की राजधानी रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां देखने को मिल रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी के किचेन परिसर में गंदगी और पनीर में स्टार्च की मिलावट मिली, जबकि चांदनी चौक के समीप स्थित प्रतिष्ठित कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा एक्सपायरी मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी कार्रवाई की गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी पाए जाने पर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया है। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को मिलावटी, दूषित और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की खरीद से बचाना है।
जानकारी के अनुसार राजधानी रांची के चांदनी चौक के समीप स्थित प्रतिष्ठित कावेरी रेस्टोरेंट में 13 अक्टूबर को औचक जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को परिसर में कॉकरोच मिले।

रेस्टोरेंट में कॉकरोच की मौजूदगी से वहां साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच के दौरान टीम को एक्सपायरी मिठाई भी मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। मामले में विभाग ने रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने, रसोई और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

ज्ञात हो कि, त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में मिठाइयों को सुरक्षित तरीके से रखना और उनकी वैध उपयोग अवधि का ध्यान रखना जरूरी है। एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री आमजनों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ छापामारी की कार्रवाई की है।

छापामारी के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रांची के कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी के किचेन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां गंदगी मिलने के साथ पनीर में स्टार्च की मिलावट सामने आई। इसके बाद टीम ने लगभग 15 किलो पनीर नष्ट करा दिया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 20 बोतलें भी मिली। अधिकारियों ने उक्त बोतलों को भी नष्ट कराया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।

ध्यान देने योग्य है कि पनीर का इस्तेमाल कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है। ऐसे में उसकी गुणवत्ता और शुद्धता का ध्यान रखना जरूरी है। खाद्य पदार्थों में मिलावट उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। विभाग की कार्रवाई को इसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जाता है कि विभाग की टीम ने ऑक्सीजन पार्क के आसपास लगने वाले ठेले-खोमचे, चाट, पिज्जा और केक की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) वैन की सहायता से मौके पर ही विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच के दौरान चाट, सॉस, पनीर और अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने देखे गए। इसी क्रम में छोले में हानिकारक रंग पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने लगभग 10 किलो छोले नष्ट कराए।

इस अवसर पर सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को भी साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि खुले में खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को भी खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना होगा। विभाग के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री हमेशा ढककर रखने और स्वच्छ वातावरण में बेचने का निर्देश दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थों को तैयार करने और परोसने के दौरान दस्ताने, एप्रन और टोपी का इस्तेमाल करने की हिदायत दी। दुकानदारों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि खाद्य सामग्री को अखबार में लपेटकर या अखबार पर रखकर नहीं बेचा जाए।

इसके बजाय खाद्य पदार्थों की पैकिंग और परोसने के लिए उपयुक्त, स्वच्छ सामग्री का इस्तेमाल किया जाए। खाद्य पदार्थों को खुले में रखने से उन पर धूल-मिट्टी, कीटाणु और अन्य दूषित तत्व पहुंचने की आशंका रहती है। इसलिए दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ उसकी स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

विभाग ने स्पष्ट कहा है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, मिलावट से बचने, एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री नहीं करने और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने का निर्देश दिया है। उक्त जांच अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार और पवन कुमार के साथ प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीम द्वारा चलाया। विभाग के अनुसार त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट और एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और खुले में खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *