न्यास पर्षद अध्यक्ष ने माँ अंबे भवानी के दरबार में टेका माथा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आस्था और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्र के तीसरे दिन 13 अक्टूबर को सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल के दिघवारा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध सिद्ध शक्तिपीठ अंबिका भवानी मंदिर में दर्शन और पूजन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़़ा। अहले सुबह चार बजे की मंगला आरती से लेकर देर रात तक पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों, शंखनाद और घंटियों की गूंज से भक्तिमय बना रहा।
बताया जाता है कि प्रातःकाल से ही मंदिर प्रांगण में दुर्गा सप्तशती के पावन श्लोकों का पाठ गूंजने लगा। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ या देवी सर्वभूतेषु बुद्धिरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः एवं या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता. जैसे कल्याणकारी मंत्रों का स्मरण कर माता की आराधना की। मंदिर परिसर में चल रहे जप, अनुष्ठान और होम से संपूर्ण वातावरण आध्यत्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर मुख्य अर्चक राजेश उर्फ विट्ठल तिवारी एवं अर्चक गणेश उर्फ चुनचुन तिवारी ने बताया कि मान्यता है कि सच्चे मन से मां अंबिका भवानी के श्रृंगार दर्शन और आरती में शामिल होने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु माता को सुगंधित पुष्पों, आभूषणों और अंगवस्त्र अर्पित कर उनका विशेष श्रृंगार करते हैं। अर्चकों ने कहा कि सनातन संस्कृति में नवरात्र का पर्व आत्मशुद्धि और आंतरिक ऊर्जा का प्रतीक है। श्रद्धालुओं को अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार व्रत, दुर्गा पाठ तथा पूजा-अर्चना कर मां की कृपा प्राप्त करनी चाहिए।
नवरात्र के तीसरे दिन बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन सपरिवार प्रसिद्ध शक्तिपीठ आमी मंदिर पहुंचे और माता के चरणों में शीष नवाया। मंदिर पहुंचने पर मां अंबिका न्यास पर्षद की सचिव आशा देवी एवं उनके प्रतिनिधि महंथ रितेश तिवारी ने पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत किया।
प्रो. रणवीर नंदन ने माता के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर मानव कल्याण, प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने संपूर्ण मंदिर परिसर का गहन मुआयना किया। मौके पर न्यास पर्षद अध्यक्ष के सचिव प्रतिनिधि रितेश तिवारी ने माता की भव्य तस्वीर उपहार स्वरूप भेंट की। कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी कुंदन तिवारी, कल्याण तिवारी, संतोष तिवारी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply