Advertisement

मनरेगा पार्क का डीसी ने किया निरीक्षण, आम बागवानी व् मड़ुआ खेती का लिया जायजा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 2 नवंबर को जिला के हद में कसमार प्रखंड के फार्मटांड स्थित मनरेगा पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। डीसी ने अंचल संसाधन केंद्र की दीदियों एवं पंचायत की मुखिया से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के क्रम में डीसी ने पार्क परिसर में विकसित आम बागवानी, मड़ुआ की खेती एवं अन्य फसलों का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने तथा मनरेगा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही खेती-किसानी और आजीविका संवर्धन से संबंधित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी, अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *