प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी के सियालजोड़ी स्थित वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। संयंत्र में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हजारीबाग रहिवासी सोहन महतो और धनबाद रहिवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कंपनी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि गैस के संपर्क में आने से कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव और एक व्यावसायिक साझेदार के इंजीनियर की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उक्त हादसे के बाद कंपनी ने गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
कंपनी का कहना है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

साथ ही, पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई करने की बात कही गई है। लेकिन, इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर संयंत्र के भीतर जहरीली गैस के संपर्क में आने की नौबत कैसे आई? क्या सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था? क्या समय रहते खतरे को पहचानने और श्रमिकों की जान बचाने के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे?
फिलहाल, हादसे के वास्तविक कारणों और संभावित सुरक्षा चूक को लेकर स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद मजदूर संगठनों की नजर भी पूरे मामले पर टिकी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच में क्या सामने आता है और औद्योगिक सुरक्षा को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
![]()













Leave a Reply