Advertisement

पेटरवार वन क्षेत्र व् बेरमो वन क्षेत्र के संयुक्त कार्यवाही से मिली बड़ी सफलता

विभाग की कार्रवाई में अवैध लकड़ी लदा ट्रक जब्त, बंगाल भेजने की थी तैयारी

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार वन क्षेत्र और बेरमो वन क्षेत्र की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर 18 सितंबर को कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी से लदे एक एलपी ट्रक क्रमांक-JH19A/1445 को जब्त किया है। हालांकि, वन विभाग की टीम को देखते ही तस्कर और मजदूर मौके से भागने में सफल रहे।

बंगाल के आरा मिलों में भेजी जा रही थी जब्त लकड़ियां

​पेटरवार वन क्षेत्र के प्रभारी वनपाल जगदीश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 18 सितंबर की दोपहर गुप्त सूचना मिली थी कि अंगवाली क्षेत्र (दक्षिणी अंगवाली के कसराई बेड़ा टोला) के जंगलों से अवैध रूप से काटी गई लकड़ियों को एक ट्रक में लोड कर बंगाल भेजा जा रहा है। ये लकड़ियां बंगाल की सीमावर्ती आरा मिलों तक पहुँचाने की योजना थी। सूचना मिलते ही पेटरवार वन विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया। चूंकि यह क्षेत्र बेरमो वन क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है, इसलिए बेरमो वन विभाग की टीम से भी सहयोग मांगा गया। दोनों टीमों ने मिलकर कसराई बेड़ा टोला के समीप के जंगल में छापेमारी की। ​

प्रभारी वनपाल जगदीश कुमार के अनुसार, जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, ट्रक सड़क किनारे धंसा हुआ था और तस्कर उसे जेसीबी की मदद से निकालने की कोशिश कर रहे थे। वन विभाग की टीम को देखकर सभी आरोपी अफरा- तफरी में वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसी जेसीबी और चालक की मदद से फंसे हुए ट्रक को निकाला और पेटरवार वन क्षेत्र कार्यालय ले आई। ​जब्त किए गए ट्रक में नीम, बकैन, कुसुम और अन्य मिश्रित प्रजातियों के लकड़ी के लट्ठे (लॉग्स) लदे हुए हैं।

बीट ऑफिसर ने बताया कि जब्त लकड़ियों की कुल कीमत का सटीक आकलन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा। वन विभाग ने इस संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वन अधिनियम (वनवाद) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन वन विभाग तस्करों और वाहन मालिकों का पता लगाने में जुटा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *