Advertisement

पूरनाडीह में मां मनसा दरबार पहुंचे पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक सह आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ लंबोदर महतो बीते 7 सितंबर को बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा पंचायत पूरनाडीह पहुंचे। यहां उन्होंने मां मनसा मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मां मनसा का दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पूर्व विधायक का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ मुलाकात कर क्षेत्र की सार्वजनिक समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

बताया जाता है कि पूर्व विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि जनता के बीच जाना और उनकी समस्याओं को सीधे सुनना ही जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण हलकों में आज भी कई मूलभूत समस्या हैं, जिनके समाधान के लिए लगातार आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के बिना झारखंड के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक गांव का अधिकार हैं।

उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल हमारी सामाजिक एकता एवं आस्था के केंद्र हैं। मां मनसा के दरबार में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, श्रद्धालु एवं गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *