भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह छपरा में बिखरी लोक-संस्कृति की छटा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। जिला प्रशासन सारण के निर्देश पर कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर 16 अक्टूबर को जिला मुख्यालय छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह-सह- आर्ट गैलरी में डांडिया एवं झिझिया लोक नृत्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार अपराह्न 3 बजे से शुरू इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार की समृद्ध लोक-संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना था। कार्यक्रम के माध्यम से लोक कलाओं के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मिथिलांचल के प्रसिद्ध लोक नृत्य झिझिया ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। नवरात्र के दौरान महिलाओं द्वारा सिर पर छिद्रयुक्त मिट्टी के कलश में जलता दीया रखकर किया जाने वाला यह नृत्य बुरी शक्तियों से रक्षा और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। वहीं, मूल रूप से गुजरात का लोक नृत्य डांडिया भी अब बिहार के नवरात्र उत्सव का अभिन्न हिस्सा बन गया है। रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों ने डांडिया स्टिक्स के साथ ढोल की थाप पर सामूहिक नृत्य कर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।
![]()













Leave a Reply