अभिभावकों ने पारदर्शी व्यवस्था और शिक्षकों के समर्पण को सराहा
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में 10 अक्टूबर को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों का अर्धवार्षिक परीक्षा फल घोषित किया गया। उक्त जानकारी डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने दी।
उन्होंने बताया कि अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में घोषित अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम के अवसर पर आयोजित अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी (पीटीएम) में सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक अभिभावकों की भारी उपस्थिति रही। मुख्य आकर्षण उत्तर पुस्तिकाओं का पारदर्शी प्रदर्शन रहा, जहाँ अभिभावकों को उनके बच्चों की विषयवार उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई गई। उत्तर पुस्तिकाओं को देखकर अभिभावकों ने संतुष्टि व्यक्त की और बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन की प्रशंसा की।

इस अवसर पर अभिभावकों ने वर्ग शिक्षकों और विषय शिक्षकों से मिलकर बच्चों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की तथा शैक्षणिक सुधार के लिए आवश्यक सुझाव प्राप्त किए।
विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने परीक्षा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा मुख्य ध्येय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास करना है। कहा कि पारदर्शी मूल्यांकन प्रणाली और अभिभावकों का निरंतर सहयोग ही हमारी वास्तविक ताकत है। हम प्रत्येक विद्यार्थी को उसके उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्राचार्य ने परीक्षा विभाग की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि परीक्षा प्रभारी नागेंद्र प्रसाद, डॉ राधेश्याम मिश्रा, नीरज सिन्हा, विमलेश कुमार, सुधांशु यादव एवं अनिर्बान दास के उत्कृष्ट नियोजन और अथक प्रयासों की बदौलत ही पूर्णतः त्रुटिरहित परीक्षा फल समय पर उपलब्ध हो सका है। पीटीएम के दौरान प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों के लिए समेकित प्रगति कार्ड (कमुलेटिव रिकॉर्ड कार्ड) भी वितरित किए गए।

इसके अलावा, सभी विद्यार्थियों को डिजिटलाइज्ड रिजल्ट प्रदान किया गया। बेहतरीन अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों में विशेष उत्साह देखी गई। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के योगदान तथा पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था की मुक्तकंठ से सराहना की।
![]()













Leave a Reply