Advertisement

डीएवी कथारा के राज्य स्तरीय वॉलीबॉल विजेता खिलाड़ियों का सम्मान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में 10 सितंबर को आयोजित प्रार्थना सभा में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संचालन (जीएम ऑपरेशन) विनोद कुमार, विशिष्ट अतिथियों में कथारा कोलियरी प्रबंधक कृष्ण मुरारी तथा कथारा ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।

समारोह के प्रारंभ में अतिथियों का तिलक से स्वागत किया गया। इसके पश्चात हरित पादप, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में विद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धि रही। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में डीएवी कथारा की टीमों ने झारखंड राज्य में विजेता पद को सुशोभित करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। यहां के युवा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग की वॉलीबॉल टीम ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

इस क्रम में एथलेटिक्स में भी विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। सिया कुमारी ने लॉन्ग जंप एवं ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि प्राण्या कीर्ति ने हाई जंप में रजत पदक हासिल किया। दोनों छात्राएँ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मौके पर मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता और पदक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि कृष्ण मुरारी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में मिली सफलता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का परिचायक है तथा ऐसी उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर प्रदान करता रहेगा। उन्होंने विद्यालय के शारीरिक शिक्षकों शिव प्रकाश सिंह, राहुल कुमार एवं ओंकार मिश्रा के अथक परिश्रम और कुशल मार्गदर्शन की सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, तेजो मित्र पाठक, बी. के. दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, आराधना, वीणा कुमारी, रेखा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, रंजीता पांडेय, ओशीन, ममता पात्रा, संगीत कुमार, विकास सिंह, अश्विनी कुमार, रीति कुमारी सहित सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *