Advertisement

डीएम-एसएसपी ने किया सोनपुर मेला क्षेत्र का निरीक्षण

शौचालय, सड़क, पार्किंग, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला के भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रौशन कुमार ने 24 अक्टूबर को संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र एवं प्रमुख संपर्क मार्गों का सघन निरीक्षण किया।

बताया जाता है कि द्वय अधिकारियों ने प्रशासनिक कैंप स्थल से लेकर मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों तक पैदल भ्रमण कर बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजनों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम पूरा करें। बताया गया कि मेला क्षेत्र में कम से कम 500 शौचालय 10-10 के क्लस्टर में लगाए जाएंगे। प्रत्येक क्लस्टर में महिला-पुरुष के लिए अलग शौचालय, वॉश बेसिन और नियमित जलापूर्ति व साफ-सफाई की व्यवस्था होगी। इसके लिए स्थलों का पूर्व चिह्नीकरण करने को कहा गया है।

मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन में बांटकर शौचालय, पार्किंग और वेंडिंग जोन के लिए स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। वाहनों के लिए समतल और अतिक्रमणमुक्त पार्किंग विकसित की जाएगी, ताकि स्थानीय रहिवासियों के आवागमन में बाधा न हो। मेला तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख संपर्क मार्गों को सुदृढ़ करने और किनारे बैरिकेटिंग कर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित पैदल पथ बनाने का निर्देश दिया गया। साथ हीं अतिक्रमण को नियमानुसार हटाकर मार्गों को बाधा मुक्त रखने को कहा गया। सभी प्रमुख मार्गों और मेला क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, अंधेरे स्थलों में प्राथमिकता के आधार पर रोशनी और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की ठोस कार्य योजना बनाने का निर्देश एसएसपी ने दिया। निरीक्षण क्रम में डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सोनपुर मेले का आयोजन स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *