रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के पिंड्राजोरा थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुहार लगाई है।
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने चोरी के एक मामले को लेकर पिंड्राजोरा थाना में लिखित आवेदन दिया था, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद ग्रामीण रहिवासी एसपी बोकारो नाथू सिंह मीणा के कार्यालय पहुंचे और शिकायत की।
मामला पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के तुरीडीह और उसके आसपास के गांवों का है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में लोहा चोरों के आतंक से वे काफी परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक स्क्रैप गोदाम के कारण गांव में लगातार लोहे के सामानों की चोरी हो रही है। हाल ही में तुरीडीह रहिवासी अवनी ओझा के प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए रखा गया सरिया बीते 14 अगस्त की रात चोरी हो गया था। खोजबीन करने पर चोरी हुआ सरिया निकट स्थित खुद्दूस अंसारी नामक स्क्रैप व्यवसायी के गोदाम से बरामद किया गया।
पीड़ित अवनी ओझा ने 15 अगस्त को इस मामले की लिखित शिकायत पिंड्राजोरा थाने में दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित को न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्क्रैप व्यवसायी खुद्दूस अंसारी का गोदाम पूरी तरह से अवैध रूप से संचालित हो रहा है और लंबे समय से यहां चोरी का लोहा खपाने का धंधा चल रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
![]()













Leave a Reply