Advertisement

चेकनाका तोड़कर भागी एक्सयूवी को पुलिस ने किया जब्त, 1080 केन बीयर बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से चास की ओर जा रही बीयर लदी महिंद्रा एक्सयूवी 500 को पीछा कर जब्त करने में सफलता पायी है। पुलिस ने वाहन से 45 कार्टून में कुल 1080 केन हायवर्ड्स 5000 बीयर बरामद की है। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के दौरान वाहन चालक और उसका सहयोगी भागने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार बीते 7 सितंबर की संध्या लगभग 3:50 बजे थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि सफेद रंग की एक्सयूवी 500 क्रमांक-WB02AA/5500 में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही गश्ती दल को वाहन जांच का निर्देश दिया गया। पुलिस टीम ने चास कॉलेज के समीप चेकनाका लगाया। इस दौरान संदिग्ध वाहन चेकिंग से बचने के लिए नाका तोड़कर तेज गति से भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बसा के समीप एक्सयूवी को पकड़ लिया।

बताया जाता है कि पुलिस की तलाशी में वाहन के अंदर बीयर के 45 कार्टून मिले। प्रत्येक कार्टून में 24 केन थे। पुलिस ने वाहन समेत पूरी खेप जब्त कर ली। मामले में वाहन मालिक, चालक और एक अन्य सहयोगी के खिलाफ पिंड्राजोरा थाना में कांड क्रमांक-109/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दर्ज प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 274/275/3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में पिंड्राजोरा थाना के सह थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप टुडू, आरक्षी दीपक कुमार महतो, आरक्षी दिलीप विश्वकर्मा और गृह रक्षक चालक चंदन कुमार शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *