प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित गुरूजुवा खत्री टोला में श्रीसिद्धि विनायक ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय गणेश पूजा 18 सितंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया।
विसर्जन पूजा के दौरान भगवान श्रीगणेश की संध्या आरती में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूजा के चौथे दिन बीते 17 सितंबर की रात ट्रस्ट की ओर से भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद, विशिष्ट अतिथि गोमिया के पूर्व विधायक, उनकी धर्म पत्नी कौशल्या देवी तथा आमंत्रित सदस्य जिला परिषद सदस्य प्रह्लाद महतो, बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति और पेटरवार मुखिया दिनेश गुप्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों का श्रीफल एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मौके पर सांसद चौधरी ने कहा कि एक ही दिन देशभर में गणेश पूजा और विश्वकर्मा पूजा मनाई जा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी मनाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास, सुख-समृद्धि और शांति के लिए भगवान गणेश एवं भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की तथा आयोजन के लिए ट्रस्ट के पदाधिकारियों को साधुवाद दिया।
पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नों को दूर करने वाले देवता हैं। उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन के कष्ट और बाधाओं को दूर करने तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की कामना की। पूजा के पांचों दिनों तक आचार्य चंदन कुमार पांडेय एवं दीपू बनर्जी ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कराई। वहीं18 सितंबर को श्रद्धालुओं ने ढोल, बैंजो और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए भव्य विसर्जन जुलूस निकाला। जुलूस में गणपति बप्पा मोरया और जय गणेश के जयकारे गूंजते रहे।
विसर्जन जुलूस पेटरवार के ठाकुर मोहल्ला, पटवा टोला, मंदिर टोला, छत्रु राम महतो चौक, एनएच-23, गागी हाट और नया बस स्टैंड होते खत्री टोला स्थित राजा तालाब पहुंचा। यहां देर रात श्रद्धालुओं ने आरती एवं स्तुति के बाद नम आंखों से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया। विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पेटरवार पुलिस भी साथ चलती रही और अपनी निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमा का विसर्जन कराया। पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के सदस्यों, पूजा समिति के पदाधिकारियों, सक्रिय सदस्यों एवं ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।
मौके पर पूजा समिति के निदेशक राजू सिन्हा, संचय सुबोध, अध्यक्ष अनूप सेठी, सचिव सचिन सेठी, काजू साव, रॉकी विश्वकर्मा, रंजीत कुमार जायसवाल, रेशव विश्वकर्मा, मुकेश कुमार मुंडा, सुरेश साव, मनोज कुमार जायसवाल, चंडी चरण नायक, रौनक कुमार, सुजल गोस्वामी, नितिन सेठी, समरेश अग्रवाल, संटू गोस्वामी, अंशु सहाय, सनत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply