एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के सभागार में बीते 9 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जोश (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीम्स के शुभारंभ कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण विद्यार्थियों को दिखाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में केंद्रीय क्षय रोग प्रभाग द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किया गया।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने 11 अक्टूबर को बताया कि देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में बीते 8 अक्टूबर को आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।
विद्यालय के सभागार में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उक्त कार्यक्रम का अवलोकन किया तथा टीबी उन्मूलन के लिए संचालित विभिन्न पहलों, स्वास्थ्य जागरूकता और जनभागीदारी के महत्व को समझा। कार्यक्रम में जोश टीमों के शुभारंभ के साथ-साथ जनजागरूकता से संबंधित सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईइसी) सामग्री के विमोचन सहित टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि टीबी जैसी संक्रामक बीमारी के उन्मूलन के लिए जागरूकता, समय पर जाँच, उचित उपचार और सामाजिक सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें समाज में जागरूकता के संवाहक के रूप में तैयार करना इस गतिविधि का प्रमुख उद्देश्य रहा।
विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड ज़ोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने इस पहल को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज की चुनौतियों को समझने तथा उनके समाधान में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत का संकल्प तभी साकार हो सकता है, जब प्रत्येक देशवासी जागरूकता और सहयोग के साथ इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, बी. के. दसौंधी, आराधना, सुमन कुमारी, ओंकार मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। विद्यालय में आयोजित इस प्रकार की गतिविधि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सहभाग भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने की दिशा में सार्थक प्रयास माना जा रहा है।
![]()













Leave a Reply