झारखंड की खनिज संपदा पर स्थानीय रहिवासियो का अधिकार-अशोक मुर्मू
अधिकारों की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष-शेरे आलम
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। एमएमडीआर-26 एक्ट के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) कसमार प्रखंड कमिटी द्वारा प्रखंड के हद में गर्री एवं मंजूरा पंचायत में 29 अगस्त को जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर एक्ट के प्रावधानों और इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेएमएम केंद्रीय सदस्य सह जिप सदस्य अशोक मुर्मू ने कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से है। यहां के प्राकृतिक संसाधनों से स्थानीय रहिवासियों की आजीविका और भविष्य जुड़ा है। ऐसे में खनिज संसाधनों से संबंधित कानूनों की जानकारी आम जन तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि झामुमो गांव-गांव जाकर आमजनों को जागरूक करेगा और स्थानीय हितों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
गोमिया विधायक प्रतिनिधि शेरे आलम ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एमएमडीआर-26 एक्ट को लेकर झामुमो पूरे क्षेत्र में जनजागरण अभियान चला रहा है। कहा कि झारखंड के रहिवासियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। राज्य की खनिज संपदा केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि यहां के लाखों रहिवासियों की रोजी-रोटी और भविष्य से जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से निकलने वाले खनिजों से राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन इसका लाभ स्थानीय रहिवासियों तक भी पहुंचे, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। किसी भी ऐसी नीति का विरोध किया जाएगा, जिससे स्थानीय रहिवासियों के अधिकार कमजोर हों या उन्हें अपने ही संसाधनों से वंचित होना पड़े।
कहा कि जनजागरण अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून की सही जानकारी देना है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें। उन्होंने कहा कि झामुमो आमजनों की आवाज को पंचायत से लेकर उच्च स्तर तक मजबूती से उठाएगा।

जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा और स्थानीय रहिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम ने कहा कि जनजागरण अभियान को पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को एमएमडीआर-26 एक्ट के बारे में जानकारी देंगे और आमजनों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। प्रखंड सचिव सोहेल अंसारी ने कहा कि किसी भी कानून के प्रभाव को समझने के लिए आमजन को उसकी जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार ग्रामीणों के बीच जाकर संवाद करेंगे और उन्हें जागरूक करेंगे। प्रखंड उपाध्यक्ष सिकंदर कपरदार ने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों एवं स्थानीय अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर युवाओं को भी जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर, जेएमएम नेता कुलदीप कुमार, मुकीम अंसारी, तनवीर आलम, मुना अंसारी, मासूम राजा, हमीद अंसारी, शाहिद रजा चिश्ती सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर पार्टी के अभियान को समर्थन देने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
![]()













Leave a Reply