क्रिसेंट पब्लिक स्कूल दूसरे व् तीसरे स्थान पर होली क्रॉस स्कूल बालीडीह
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। भारत विकास परिषद् बोकारो स्टील सिटी दक्षिण शाखा की ओर से आशालता सेक्टर-05 में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में बोकारो के छह विद्यालयों के छात्र दलों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने परिषद् की पुस्तक चेतना के स्वर में संकलित हिंदी और संस्कृत के देशभक्ति गीतों की सुमधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देकर राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय की टीम में 11 विद्यार्थी शामिल थे, जिनमें तीन विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्रों के माध्यम से संगत प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आशालता के दिव्यांग बच्चों ने स्वागत गीत और वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। शाखा अध्यक्षा ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामूहिकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम संयोजक अगस्त कुमार ने प्रतियोगिता के नियम एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्य अतिथि विहंगम योग संदेश पत्रिका के संपादक सुखनंदन सिंह ‘सदय’ ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद् के सेवा एवं संस्कार कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि संस्कार, कर्तव्य और जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रांतीय संस्कार प्रमुख बी.बी. दास ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने आशालता के दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किया। इस अवसर पर संगीत क्षेत्र के सुधीर मिश्रा, कौशिक दास और अश्विनी कुमार निर्णायक मंडल में शामिल रहे। निर्णायकों द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर जीजीपीएस चास को प्रथम, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल चास को द्वितीय और होली क्रॉस स्कूल बालीडीह को तृतीय स्थान दिया गया। वहीं डीएवी इस्पात विद्यालय सेक्टर-टू को प्रोत्साहन पुरस्कार मिला। विजेता टीमों में जीजीपीएस चास ने हिंदी में गीत खुशी के और संस्कृत में सादर समीहताम्, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल ने हिंदी में क्रांति मशाल से और संस्कृत में जय जय हे भगवती, जबकि होली क्रॉस स्कूल बालीडीह ने हिंदी में अब जाग उठो, कमर कसो और संस्कृत में मनसा सततम् स्मरणीयम् प्रस्तुत किया।
विजेता एवं प्रतिभागी विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में परिषद् की सचिव तनुजा प्रिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। मौके पर प्रदीप नारायण, अनुपम गर्ग, राजेश सहाय, अनुप कुमार, तनुजा प्रिया, सोमा, रूबी राय, कल्याणी गुप्ता, संध्या दास, ललन दीक्षित, बी.बी. दास, संजय सिंह, राजेश कुमार, वाई.के. वर्णवाल, रानी सिंह, मधु शंकर पांडेय, रमन सिन्हा, आस्था तर्वे, पुष्पा तिवारी, मीरा मिश्रा, महिमा सिंह, राम कुमार जायसवाल सहित परिषद् के सदस्य, विद्यालय प्रतिनिधि, विद्यार्थी और अभिभावकगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply