Advertisement

बीएसएल में रियलिगन विथ वन बिजनेस वर्कशॉप में भविष्य की चुनौतियों पर मंथन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बदलते वैश्विक औद्योगिक एवं व्यावसायिक परिदृश्य के बीच बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) की रणनीतिक प्राथमिकताओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से बीते 29 अगस्त को बोकारो निवास में रियलिगन विथ वन स्ट्रेटेजीक बिज़नेस वर्कशॉप फॉर ए फ्यूचर- रेडी परस्पेक्टिव ऑफ Bokaro स्टील प्लांट कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संयंत्र के निदेशक प्रभारी, अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य वैश्विक एवं राष्ट्रीय इस्पात उद्योग में हो रहे बदलावों, तकनीकी नवाचार, बाजार के रुझानों, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सतत विकास से जुड़ी अपेक्षाओं का आकलन करते हुए बीएसएल की दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मकता और व्यावसायिक सफलता के लिए रणनीतिक प्राथमिकताओं की पहचान करना था।

इस दौरान वैश्विक एवं राष्ट्रीय बाजार की बदलती परिस्थितियों के साथ-साथ तकनीकी बदलावों और उभरती चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की गयी। बीएसएल अधिकारियों ने परिचालन उत्कृष्टता, उत्पादकता, लागत-दक्षता, तकनीकी उन्नयन और नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान के माध्यम से संयंत्र की क्षमता बढ़ाने के उपायों पर गहन मंथन किया।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी ने विशेष प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वैश्विक इस्पात उद्योग के वर्तमान परिदृश्य, उभरती संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय इस्पात उद्योग की संभावनाओं, राष्ट्रीय इस्पात नीति की प्रमुख दिशाओं तथा बदलते कारोबारी माहौल में बीएसएल के लिए उपलब्ध अवसरों पर विचार साझा किए। उन्होंने वन बीएसएल की भावना को केंद्र में रखते हुए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय, सहयोग और सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलती परिस्थितियों में चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए संगठन के सभी स्तरों को एकजुट होकर कार्य करना आवश्यक है।

कार्यशाला के दौरान बिजनेस इंटरैक्शन एवं नेतृत्व संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें संयंत्र के समक्ष मौजूद व्यावसायिक एवं परिचालन चुनौतियों, उत्पादकता और दक्षता में सुधार, प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत करने तथा विकास के नए अवसर तलाशने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में बीएसएल को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अधिक कुशल, तकनीकी रूप से सक्षम, प्रतिस्पर्धी, नवाचार-उन्मुख और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्ध संगठन बनाने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं संसाधनों के बेहतर उपयोग, लागत-दक्षता, तकनीकी उन्नयन और परिचालन उत्कृष्टता के माध्यम से संयंत्र के प्रदर्शन एवं दीर्घकालिक विकास को गति देने की प्रतिबद्धता जताई गई। रियलिगन विथ वन कार्यशाला को बीएसएल की सामूहिक क्षमताओं को साझा लक्ष्य से जोड़ने और भविष्य की चुनौतियों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *