Advertisement

आगामी 31 दिसंबर तक जारी हो सलगाडीह-बांकू सड़क का टेंडर-ललित कुमार महतो

टेंडर नहीं होने पर नए साल में आंदोलन की रणनीति तय करेगी जनता-अध्यक्ष

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। रांची-टाटा मार्ग पर तमाड़ प्रखंड के सलगाडीह से बांकू तक लगभग 20 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर पांच परगना फाइटर्स के केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा से आगामी 31 दिसंबर तक टेंडर जारी कराने की मांग की है। कहा कि तमाड़ में आयोजित जनता दरबार के दौरान सांसद ने अक्टूबर के बाद सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकालने का आश्वासन दिया था। अब जनता इस आश्वासन पर कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है।

फाइटर्स के केंद्रीय अध्यक्ष महतो ने 9 अक्टूबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सलगाडीह-बांकू सड़क पांच परगना के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा है कि टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) से जुड़ने वाली यह सड़क क्षेत्र में आवागमन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे सकती है। इसके बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से स्थानीय रहिवासियों में निराशा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

उन्होंने वर्तमान विधायक विकास सिंह मुंडा की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो सकी है। ऐसे में क्षेत्र के रहिवासियों की उम्मीदें अब सांसद कालीचरण मुंडा पर टिकी हैं। उन्होंने सांसद से अपने आश्वासन को पूरा करने और संबंधित विभाग के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी कराने की मांग की है।

केंद्रीय अध्यक्ष महतो ने स्पष्ट कहा है कि आगामी 31 दिसंबर तक टेंडर जारी नहीं होने की स्थिति में अगले वर्ष पहली जनवरी से क्षेत्र के रहिवासियों के साथ बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर एनएच-33 पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम सहित लोकतांत्रिक आंदोलन का रास्ता अपनाने पर भी विचार किया जाएगा। विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र की आम जनमानस की बुनियादी जरूरत है। जनप्रतिनिधियों को इस समस्या के समाधान के लिए गंभीरता दिखानी चाहिए। आमजन अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई चाहती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *