Advertisement

अक्षय नवमी पर आंवला वृक्ष की पूजन, परिवार की सुख-समृद्धि व् आरोग्य की कामना

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 18 नवंबर को अक्षय नवमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित पहाड़ी शिव मंदिर तथा रहिवासी ममता देवी के आवासीय परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के बाद महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की छाया में सामूहिक रूप से बैठकर भोजन भी किया।

इस बारे में पंडित राजीव पांडेय ने बताया कि सनातन धर्म में अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन किए गए जप, तप, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का फल अक्षय यानी कभी समाप्त नहीं होने वाला होता है। इसी मान्यता के चलते इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने और उसकी छाया में भोजन करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। कहा कि धार्मिक मान्यता है कि आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। कार्तिक शुक्ल नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है।

इसी धार्मिक आस्था को लेकर तेनुघाट और आसपास की महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और भोजन का आयोजन किया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। मौके पर सुजाता प्रसाद, शालिनी सिन्हा, ममता कटरियार सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *