Advertisement

पेटरवार एवं बुंडू पंचायतों में आपकी योजना आपकी सरकार का आयोजन

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू एवं पेटरवार पंचायत भवन में अलग अलग तरीके से आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन 21 नवंबर को किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो, अंचल अधिकारी अशोक राम एवं पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा की देख रेख में कार्यक्रम आयोजित की गई।

जानकारी के अनुसार प्रखंड के हद में बुंडू पंचायत भवन में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति, बीडीओ संतोष कुमार महतो एवं अंचल अधिकारी अशोक राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। आपकी योजना,आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत, झारखंड सरकार ने पंचायत भवनों के माध्यम से होम डिलीवरी की सुविधा प्रदान की है, ताकि विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके।

इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आम रहिवासियों तक पहुँचाना है, जिसमें सर्वजन पेंशन, धोती-साड़ी वितरण, और अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं को नागरिकों तक पहुँचाना। सर्वजन पेंशन, सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, हरा राशन कार्ड, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन, मुख्यमंत्री पशुधन और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि, शिक्षा, राजस्व विभाग, थाना, वन विभाग, श्रम नियोजन तेनुघाट जैसी कई कल्याणकारी योजना का स्टॉल लगा था।

इस अवसर पर बुंडू पंचायत में ग्रामीणों द्वारा अबुवा आवास के 179, मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के 176, पशुपालन के 19, आयुष्मान कार्ड के 13, पेंशन योजना के 24, हर राशन कार्ड के 29, जाति प्रमाण पत्र के 9, आय प्रमाण पत्र के 7 सहित कई स्टॉलों में आवेदन दिया गया। वही पेटरवार पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्टॉलो में आवास योजना के 211, मईया सम्मान योजना के 172, पेंशन के 55 आवेदन लिया गया। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा के द्वारा ट्रैफिक नियम, साइबर क्राइम, चाइल्डलाइन, तेज गति में वाहन न चलने एवं हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल चलने को लेकर रहिवासियों को जागरूक किया गया।

ज्ञात हो कि, सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पंचायत भवनों के माध्यम से होम डिलीवरी की व्यवस्था की गई है, जिससे रहिवासियों को अपने घरों पर ही इन योजनाओं का लाभ मिल सके। यह कार्यक्रम झारखंड में 21 नवंबर से 28 दिसंबर तक चलेगा। इस मौके पर 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार महतो, विधायक प्रतिनिधि राकेश शेठी, सांसद प्रतिनिधि रितेश कुमार सिन्हा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा महतो, पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ कुंदन राज, सीडीपीओ चन्दा रानी, बीपीओ प्रमोद कुमार, पंचायत वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सहिया साथी सहित काफी संख्या में ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *