Advertisement

कसमार के बगदा में काली मंदिर में घुसकर युवक ने की तोड़फोड़

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के बगदा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक काली मंदिर के भीतर घुस गया और मूर्ति से माला, मुकुट समेत अन्य धार्मिक वस्तुओं को निकालने का प्रयास करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जूता पहनकर मंदिर में दाखिल हुआ और अंदर घुसते ही मंदिर के कलश को तोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उक्त घटना की जानकारी मिलते ही गांव के बड़ी संख्या में रहिवासी मंदिर परिसर में जुट गए और युवक को पकड़कर बाहर बिजली के खंभे से बांध दिया। पूछताछ के दौरान युवक अजीबो-गरीब बातें करने लगा, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ कि वह नशे की हालत में है।

सूचना मिलने पर कसमार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पकड़े गए युवक ने अपना नाम विश्वा घांसी तथा पिता का नाम सूरज घांसी बताया है, जो बगदा का ही रहिवासी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *