अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डीडब्ल्यूपीएस पुरुलिया में योग का संदेश
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल (डीडब्ल्यूपीएस) में बीते 20 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा छात्रावास के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रही, जिसके माध्यम से योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता एवं यूवाईएसएफ एशिया पैसिफिक योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2023 के विजेता रुद्र प्रताप धीबर थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं रिदमिक योग का आकर्षक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की एकाग्रता, संतुलन और अनुशासन ने उपस्थित जनों को प्रभावित किया। कार्यक्रम के माध्यम से योग के महत्व और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने का संदेश दिया गया।
विद्यालय की प्राचार्या सुधा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि योग विद्यार्थियों में आत्म-अनुशासन, एकाग्रता, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि डीडब्ल्यूपीएस पुरुलिया आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम का समापन योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply