Advertisement

सेवाती घाटी के विकास को लेकर डीसी बोकारो से मिला ग्रामीणों का दल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के सेवाती घाटी के विकास को लेकर ग्रामीणों का दल 5 नवंबर को डीसी बोकारो से भेंटकर ज्ञापन सौंपा।

डीसी को सौंपे गये ज्ञापन में मुचरी नाला के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में मध्यम ऊंचाई का बांध अथवा जलाशय निर्माण की संभावना का तकनीकी सर्वेक्षण कराने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही जलप्रवाह और ऊंचाई के अंतर का अध्ययन कर लघु जल विद्युत परियोजना की संभावना तलाशने का प्रस्ताव भी रखा गया है। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसी योजनाओं से जल संरक्षण, आसपास के खेतों में सिंचाई और स्थानीय विकास को बढ़ावा मिल सकता है।

वहीं पर्यटन सुविधाओं के विकास को लेकर जंगल-पहाड़ी क्षेत्र को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने, पार्क और बच्चों के लिए मनोरंजन स्थल तैयार करने तथा प्राकृतिक स्थलों तक पैदल मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा सरकारी तालाबों और बांधों के सौंदर्यीकरण तथा उपयुक्त स्थानों पर बोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

डीसी से भेंट में कहा गया कि ग्रामसभा ने सेवाती घाटी और सांस्कृतिक महत्व को भी पर्यटन विकास से जोड़ने का प्रस्ताव रखा है। संपर्क मार्ग बनाने तथा स्थानीय कृषि उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण हाट और विपणन व्यवस्था विकसित करने का सुझाव भी दिया गया है।

इसके साथ ही पर्यटकों के ठहरने के लिए विश्रामगृह, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया गया है। पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं और महिला समूहों को जोड़कर रोजगार के अवसर पैदा करने की मांग भी की गई है।
प्रतिनिधिमंडल में उमेश कुमार जायसवाल, मनोज कुमार महतो, वीरेंद्र कुमार महतो, डॉ जीतलाल महतो और प्रशांत कुमार महतो शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *