Advertisement

उच्च न्यायालय से संबंधित वादों के त्वरित निष्पादन को लेकर कार्यशाला

कार्यशाला में आइजी ने बेहतर पुलिसिंग, जन समन्वय एवं जवाबदेही पर दिया जोर

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में 6 जून को पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, हजारीबाग शैलेंद्र कुमार सिन्हा एवं बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना की उपस्थिति में उच्च न्यायालय झारखंड से संबंधित वादों एवं मामलों के त्वरित तथा त्रुटिरहित निष्पादन के संबंध में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।

जानकारी के अनुसार आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड उच्च न्यायालय रांची के अधिवक्ता शाहबाज अख्तर उपस्थित थे। उन्होंने न्यायालय से संबंधित मामलों के निष्पादन में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, आवश्यक कानूनी प्रावधानों तथा समयबद्ध कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने न्यायालयी वादों के निष्पादन में सावधानी, सटीकता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को न्यायालय से प्राप्त आदेशों एवं निर्देशों के अनुपालन में विलंब नहीं करने तथा सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर करने का निर्देश दिया गया। साथ ही न्यायालयी मामलों के निष्पादन में त्रुटियों को न्यूनतम रखने एवं अभिलेखों के समुचित संधारण पर भी विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बोकारो जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग, जनसमन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आइजी ने कहा कि पुलिस का सबसे बड़ा दायित्व आम जनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं का ससमय समाधान करना है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

मासिक बैठक में पुलिस अधिकारियों को आमजन के प्रति सकारात्मक व्यवहार अपनाने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। आइजी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। कार्यशाला एवं अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सर्किल इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *