गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में महनार थाना क्षेत्र के लावापुर तथा महनार पंचायत के सलेमपुर गांव में चोरों ने मंदिरों को निशाना बनाया है। उक्त मंदिरो में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने वाली एक घटना प्रकाश में आई है।
बताया जाता है कि गांव स्थित काली मंदिर एवं हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी से लगभग 40 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषणों की चोरी कर ली गई। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बताया जाता है कि उक्त चोरी की घटना की जानकारी बीते 9 जनवरी की सुबह उस समय हुई, जब स्थानीय रहिवासियों ने मंदिर का ताला टूटा देखा। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना महनार थाना की पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में पंचायत के मुखिया अकलेश राय ने बताया कि सलेमपुर वार्ड संख्या दो स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित काली मंदिर एवं हनुमान मंदिर की दान पेटी बीते करीब दो वर्षों से नहीं खोली गई थी। दान पेटी में नगदी के साथ बड़ी मात्रा में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए कीमती आभूषण थे। रहिवासियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे की लत के शिकार युवकों द्वारा इस तरह की आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
रहिवासियों ने पुलिस को आवेदन देकर शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। फिलहाल पुलिस चोरी की इस घटना की गहन जांच कर रही है और जल्द खुलासे का आश्वासन दे रही है।
![]()













Leave a Reply