एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। मारवाड़ी महिला समिति के सौजन्य से बोकारो जिला के हद में फुसरो स्थित अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दो दिवसीय समर कैंप का भव्य आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार दो दिवसीय समर कैंप (ग्रीष्मकालीन शिविर) का भव्य शुभारंभ 24 मई को किया गया। मारवाड़ी महिला समिति फुसरो (बेरमो) झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित यह विशेष शिविर 24 से 25 मई तक चलेगा। इसके पहले दिन विद्यालय परिसर में बच्चों के बौद्धिक और शारीरिक विकास के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं और खेल-कूद का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह, विद्यालय के सचिव अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ आचार्य नवल कुमार सिंह, विद्यालय की आचार्या मिशा कुमारी, श्वेता कुमारी तथा मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कोमल गोयल, सदस्य कुसुम अग्रवाल, मनीषा राठी, पूर्व अध्यक्ष सीमा गोयल, सदस्य उमा राठी, उपाध्यक्ष नेहा अग्रवाल एवं बाल विकास प्रमुख अनुष्का अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ किया गया।
आयोजित समर कैंप के पहले दिन बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के ज्ञानवर्धक खेल और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के बीच में सभी बच्चों के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई थी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से वार्ड पार्षद सह भाजपा बोकारो जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह एवं बेरमो प्रखंड प्रमुख सह जिला भाजपा उपाध्यक्ष गिरिजा देवी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि इस तरह के समर कैंप उनके मानसिक और शारीरिक विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। कहा कि मारवाड़ी महिला समिति और विद्यालय परिवार का यह संयुक्त प्रयास अत्यंत सराहनीय है, जिससे बच्चों को अपनी छिपी बहुमुखी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का एक बेहतरीन मंच मिला है।
ऐसे रचनात्मक आयोजनों से बच्चों में टीम भावना और नए कौशल सीखने का उत्साह बढ़ता है। विशिष्ट अतिथि वार्ड पार्षद सह भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों का इस तरह से सदुपयोग करना बच्चों के लिए बेहद लाभकारी है। कहा कि यह समर कैंप बच्चों को पढ़ाई के तनाव से दूर कर कुछ नया और रचनात्मक सीखने के लिए प्रेरित करेगा। कहा कि मारवाड़ी महिला समिति द्वारा समाज और बच्चों के हित में किया गया यह कार्य वास्तव में प्रेरणादायी है।
शिविर के पहले दिन के सभी सत्रों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद उपस्थित अतिथियों, आचार्यों और बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से शांति मंत्र का पाठ किया गया, जिसके साथ आज के कार्यक्रम का समापन हो गया। समर कैंप का दूसरा और अंतिम सत्र 25 मई को आयोजित किया जाएगा। इस समर कैंप को पूरी तरह सफल और सुव्यवस्थित बनाने में विद्यालय के आचार्य रवि कुमार सोनी, रवि कुमार मोदी, रूपा कुमारी, श्रेया वर्णवाल, मीना देवी सहित विद्यालय के सभी कर्मचारी बंधु-भगिनियों का महत्वपूर्ण और सराहनीय योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply