Advertisement

बोकारो पहुंचे परिवहन सचिव ने डीटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राज्य के परिवहन सचिव राजीव रंजन ने 23 मई को बोकारो पहुंचकर जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिवहन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुगम एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान परिवहन सचिव ने कार्यालय में संचालित विभिन्न सेवाओं, ऑनलाइन कार्य प्रणाली, लंबित आवेदनों एवं आम रहिवासियों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदो को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, परमिट एवं अन्य सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परिवहन विभाग को डिजिटल माध्यमों से अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से आमजनों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और कार्यों में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। इस दौरान सड़क सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। सचिव ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने, यातायात नियमों के सख्ती से अनुपालन तथा स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों एवं ई-बस सेवाओं के विस्तार को लेकर भी विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की और कहा कि भविष्य में पर्यावरण संरक्षण एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीटीओ कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य संस्कृति में सुधार, आमजनों के प्रति सकारात्मक व्यवहार तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिला उपायुक्त अजय नाथ झा से भेंटकर सड़क यातायात सुरक्षा मानको के अनुपालन पर चर्चा की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *