सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। बीते दो दिन पूर्व पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में सारंडा क्षेत्र में आई तेज आंधी और तूफान ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई है।
जानकारी के अनुसार जिला के हद में गंगदा पंचायत के घाटकुड़ी गांव स्थित पपरी हातु टोला में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई है। आंधी के दौरान बिजली का ट्रांसफार्मर पोल सहित टूटकर जमीन पर धराशायी हो गया और जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण दर्जनों परिवार पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
ज्ञात हो कि मई माह की भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से क्षेत्र के रहिवासियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। दिन भर उमस और गर्म हवाओं से रहिवासी बेहाल हैं, जबकि रात में पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पर रहा है।

बताया जाता है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से सारंडा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। कई घरों में मोटर और पंप से पानी की आपूर्ति होती है, जो बिजली नहीं रहने के कारण बंद है। ग्रामीणों को दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित है। मोबाइल चार्ज नहीं होने और रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से ऑनलाइन अध्ययन तथा परीक्षा की तैयारी में दिक्कतें आ रही हैं।
इस बावत स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से सटे क्षेत्र में अंधेरा रहने के कारण विषैले सांप, बिच्छू एवं अन्य जंगली जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चाम्पिया ने बताया कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है तथा बीडीओ से भी शीघ्र हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply