मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है-डॉ अवनीश कुमार झा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय कसमार के माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को 25 मई को सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार झारखंड+2 शिक्षक संघ बोकारो के सचिव डॉ अवनीश कुमार झा ने टॉपर छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जमकर सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
ज्ञात हो कि, बोकारो में आयोजित एक शैक्षणिक कार्यक्रम के दौरान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपरोक्त विद्यालय के टॉपर्स ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं शिक्षकों तथा अभिभावकों के सहयोग को अपनी सफलता का मुख्य आधार बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि सकारात्मक सोच, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उन्हें सफलता की ओर आगे बढ़ाता है।
वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में कुल 464 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्र कुणाल कुमार प्रजापति ने कहा कि वे आगे चलकर स्टॉक ट्रेडर बनकर देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देना चाहते हैं। वहीं इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय में 451 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा संदेशा रजक ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
इंटरमीडिएट कला संकाय में 427 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा ओमश्री ने कहा कि वे प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हैं। वहीं कला संकाय में 409 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल करने वाली छात्रा नीतू कुमारी ने शिक्षक बनकर आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर संघ के सचिव डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी आज अपनी मेहनत और लगन के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि कसमार जैसे क्षेत्र से निकलकर विद्यार्थी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। डॉ झा ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।
कहा कि आज जिन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है, वे आने वाले समय में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। कहा कि झारखंड +2 शिक्षक संघ भविष्य में भी ऐसे मेधावी विद्यार्थियों को हर संभव मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देता रहेगा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की गई। सम्मान समारोह का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा रहा तथा उपस्थित जनों ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()













Leave a Reply