प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में डुमरी थाना क्षेत्र के अंबाडीह रहिवासी तुलसी महतो के 26 वर्षीय पुत्र राकेश महतो की घर वापसी से परिजनों में हर्ष व्याप्त हैं।
ज्ञात हो कि राकेश महतो बीते 23 फरवरी को दुबई के अबू धाबी में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर चोट के कारण 45 दिनों तक वे कोमा में थे।इलाज के बाद 27 मई की सुबह सकुशल अपने घर लौट आए हैं। जिससे परिवार और गांव में खुशी का माहौल हैं।
वापसी होने से राकेश की पत्नी रीना देवी,10 महीने की बेटी रिया कुमारी, पिता तुलसी महतो और मां केसिया देवी ने राहत की सांस ली है। उक्त हादसे के बाद से मां को बहू और पोती के भविष्य की गहरी चिंता थी, जो अब दूर हो गई है। प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली और अभिभावक एकता मंच के अध्यक्ष रामेश्वर महतो के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन और भारतीय दूतावास हरकत में आया। केइसी कंपनी से समन्वय और मेडिकल क्लीयरेंस के बाद राकेश को भारत वापस लाया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी सिकंदर अली ने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में विदेश जाने वाले प्रवासी मजदूर अक्सर बेहद कठिन और असुरक्षित हालात में काम करते हैं। उनके साथ अक्सर दुर्घटनाएं होते रहती है। ऐसे में प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, बीमा और कानूनी अधिकारों को लेकर सरकार को और ठोस नीति बनानी होगी।
![]()













Leave a Reply