Advertisement

अल्लाहुम्मा लब्बैक की सदाओं के बीच हज यात्रियों का पहला जत्था टोरी से रवाना

सामाजिक कार्यकर्ता सह पंसस अयुब खान ने हज यात्रियों का स्वागत कर दी बधाई

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। इस्लाम धर्म के सबसे मुकद्दस सफर हज के लिए बीते 4 मई की देर संध्या लातेहार जिला के हद में चंदवा प्रखंड के टोरी रेलवे जंक्शन से हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ। हज यात्रियों की रवानगी के दौरान स्टेशन परिसर में भावुक और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।

लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक की गूंज के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सह चंदवा प्रखंड के हद में कामता पंचायत के पंचायत समिति सदस्य (पंसस) अयुब खान ने हज यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें सुलभ यात्रा की शुभकामनायें दी। वहीं परिजनों और शुभचिंतकों ने हज यात्रियों को फूल माला पहनाकर और गले लगाकर भावपूर्ण विदाई दी।

जानकारी देते हुए कामता के पंसस खान ने 5 मई को बताया कि लोहरदगा रहिवासी एवं मांडर प्रखंड के कृषि पदाधिकारी समीउल्लाह अंसारी अपनी शिक्षिका पत्नी यास्मीन खातून के साथ हज यात्रा पर रवाना हुए। वहीं उनके भाई संवेदक इकबाल हुसैन अंसारी अपनी पत्नी हुमेरा खातून के साथ भी इस पवित्र यात्रा में शामिल हुए। सभी हज यात्री टोरी जंक्शन स्टेशन से गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली से वे मक्का मुकर्रमा के लिए हवाई उड़ान भरेंगे।

बताया कि हज यात्रियों को विदाई देने के लिए टोरी रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में परिजन पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें जाननेवालो ने हजार यात्रियों से झारखंड, देश की तरक्की, खुशहाली, अमन शांति और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ करने की अपील की। मौके पर कामता पंचायत के पंसस अयुब खान ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि उसे अल्लाह के घर की हाजिरी का मौका मिले।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि इंसानियत, भाईचारे, त्याग और आत्म शुद्धि का संदेश देने वाला मुकद्दस सफर है। खान ने कहा कि हज पर जाने वाले पूरे समाज और देश के लिए दुआ करते हैं। उन्होंने सभी हज यात्रियों से झारखंड में शांति, सौहार्द और विकास के लिए दुआ करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और इंसानियत का संदेश फैलाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

ज्ञात हो कि, विदाई के दौरान कई परिजनों की आंखें नम दिखी। परिजनों ने हज यात्रियों को गले लगाकर दुआओं के साथ रवाना किया। स्टेशन परिसर पूरी तरह धार्मिक माहौल में रंगा नजर आया। मौके पर उपरोक्त के अलावा शाहिद रजा, शिक्षक बीगन राम, मोजम्मिल अंसारी, बादशाह खान, मेहंदी हसन, अजमल अंसारी, मोइन अंसारी, जमशेद कुरैशी, राजू अंसारी, टिंकू खान, अफरोज आलम, तजमुल अंसारी, गुड्डू अंसारी, छोटू अंसारी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *