Advertisement

कांटा चुभा मेरे पांव में, बेदर्दी तेरे गांव में गीत पर जमकर झूमे मेला दर्शक

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के मंच पर गायक गोविंद की दमदार प्रस्तुति

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक मंच से 20 नवंबर की शाम गीत, संगीत एवं नृत्य की सरिता में दर्शकों ने जमकर गोता लगाया।

इस मंच से बिहार के चर्चित गायक गोविंद वल्लभ ने जब सुगम संगीत एवं लोक गीत की प्रस्तुति दी तो मुख्य पंडाल उपस्थित दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बिहार सरकार के कला, संस्कृति युवा, पर्यटन विभाग एवं सारण जिला प्रशासन के संयुक्त सौजन्य से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गायक गोविंद वल्लभ ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत मशहूर गीत कांटा चुभा मेरे पांव में, बेदर्दी तेरे गांव में से की।

इसके बाद उन्होंने जब चांदी जैसा रंग है तेरा, सोने जैसे बाल, एक तू ही धनवान है गोरी बाकी सब कंगाल गीत की प्रस्तुति दी तो पंडाल में बैठे दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम में अंत में गायक गोविंद ने छपरा जिला की महिमा का बखान करते हुए जब लोकगीत छपरा जिला घुमा द पियवा, तबे बोलम हम बोली, चल हमके घुमा द पिया कर न ठिठोली गाया तो मेला दर्शक वाह – वाह कर उठे।

उनके साथ साथ ढोलक पर मनोज कुमार सुमन, तबला पर सुरजीत सिंह, की-बोर्ड पर सुजीत कुमार एवं ऑक्टो पैड पर मनीष कुमार ने बेहतरीन तरीके से संगत कर कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक संजय भारद्वाज एवं शशि प्रभा जायसवाल ने बड़े ही बेहतरीन तरीके से किया। अंत में सारण जिला प्रशासन की ओर से गायक गोविंद वल्लभ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम देखने के लिए देर रात तक मेला पंडाल में दर्शकों की भारी भीड़ जमी रही।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *