Advertisement

लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर शिक्षकों का बोकारो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर शिक्षकों ने 26 मई को बोकारो जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार संयुक्त शिक्षक समन्वय समिति बोकारो जिला इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर बोकारो जिला उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिले के प्लस टू एवं माध्यमिक शिक्षकों के तीन माह से लंबित वेतन भुगतान को लेकर गंभीर चिंता जताई।

प्रतिनिधियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण जिले के सैकड़ों शिक्षक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बैंक ईएमआई, बच्चों की फीस, मकान किराया और बीमार परिजनों के इलाज जैसी आवश्यक जिम्मेदारियाँ निभाना कठिन हो गया है। वहीं दुकानदारों द्वारा भी उधार देने से इनकार किया जा रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

शिक्षकों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित जनगणना कार्य में भी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बावजूद शिक्षक 30 से 40 किलोमीटर दूर जाकर मकान गणना जैसे कार्य कर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक एवं मानसिक स्थिति और अधिक प्रभावित हुई है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगो में मार्च, अप्रैल और मई माह का वेतन एक साथ भुगतान करने, वेतन नामावली विद्यालय स्तर पर न बनाकर डीडीओ स्तर से तैयार की जाए, प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, लंबित शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए शामिल हैं।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शाम तक सभी प्रक्रियाओं की जांच पूरी कर ली जाएगी तथा बकाया वेतन भुगतान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में प्रत्येक माह सभी शिक्षक संगठनों के साथ बैठक आयोजित कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि वेतन नामावली एक बार जमा करना पर्याप्त होगा, इसे प्रतिमाह देने की आवश्यकता नहीं है।

दूसरी ओर वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में संयुक्त शिक्षक समन्वय समिति ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ बोकारो जिला इकाई के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, सचिव डॉ अवनीश कुमार झा, झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ बोकारो जिला इकाई के अध्यक्ष बासुदेव सिंह चौधरी, सचिव मुफीद आलम, कोषाध्यक्ष सुबल कुमार रजवार सहित सैकड़ों शिक्षकगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *