Advertisement

बकाया वेतन की मांग को लेकर सड़क पर आंदोलन को मजबूर शिक्षक संगठन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के कई जिलों में ट्रेजरी घोटाले की जांच के नाम पर वेतन से प्रभावित हज़ारों शिक्षकों के संगठन झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ एवं झारखंड +2 शिक्षक संघ जिला बोकारो के सभी सदस्यों द्वारा उपायुक्त कार्यालय के समक्ष व्यापक धरना- प्रदर्शन करते हुए लंबित वेतन भुगतान हेतु आंदोलन के माध्यम से मांग किया जाएगा।

शिक्षक संघ द्वारा कहा गया कि विगत लगभग तीन माह से ट्रेजरी घोटाले के नाम पर शिक्षकों को वेतन भुगतान से लंबित रखा गया है, जिसके कारण शिक्षकों को आर्थिक कठिनाई के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दैनिक खर्च, बच्चों के फीस, माता-पिता के चिकित्सा और बैंक ईएमआई को भरने हेतु कोई उधार देने को भी तैयार नहीं है। इस विपरीत परिस्थिति में शिक्षक किस प्रकार से शैक्षणिक कार्य को करते हुए अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे?

कहा गया कि जब भी पदाधिकारियों के समक्ष लंबित वेतन भुगतान की मांग की जाती है तो उन्हें बार-बार आश्वासन ही दिया जाता है लेकिन वेतन नहीं। अतएव, मायूस, लाचार और निराश शिक्षक वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन की तैयारी के लिए मजबूर हैं। यदि दो दिनों के अंदर नियमित रूप से वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ एवं झारखंड +2 शिक्षक संघ जिला बोकारो के तत्वावधान में हजारों की संख्या में शिक्षक अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

उक्त जानकारी झारखंड +2 शिक्षक संघ जिला इकाई बोकारो के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, सचिव डॉ अवनीश कुमार झा, संघ के बोकारो जिलाध्यक्ष बासुदेव सिंह चौधरी एवं सचिव मुफीद आलम ने 18 जून को संयुक्त रूप से दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *