Advertisement

दुबई में बोकारो के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों द्वारा मारपीट का आरोप

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। विदेश में प्रवासी मजदूरों के लगातार हो रहे मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के बड़की सीधावारा रहिवासी मनोज महतो की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ वहां मारपीट की गई, जिसके कारण बीते 27 मार्च को उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, बड़की सीधावारा रहिवासी भैरो महतो के 42 वर्षीय पुत्र मनोज महतो बीते 8 मार्च को रोजगार के सिलसिले में दुबई गए थे। परिजनों का कहना है कि वहां उन्हें उचित भोजन तक नहीं दिया जा रहा था और काम न करने पर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतक मनोज सैम बिल्डिंग कंक्रीटिंग प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना को लेकर स्थानीय रहिवासियों में भी आक्रोश है। प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकन्दर अली ने 29 मार्च को उक्त घटना पर संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि प्रवासी मजदूरों के मौत का यह कोई नया मामला नहीं है।

उन्होंने कहा कि बोकारो जिले के गोमिया, हजारीबाग जिले कर विष्णुगढ़, गिरिडीह जिले के डुमरी और बगोदर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रहिवासी रोजगार की तलाश में विदेश जाते हैं, जहां कई बार उन्हें शोषण और असुरक्षित परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की, ताकि मजबूरी में हो रहे पलायन को रोका जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *