Advertisement

न्यायालय परिसर, ओपी व् थाना का पुलिस अधीक्षक ने किया औचक निरीक्षण

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथु सिंह मीणा द्वारा 17 जून को जिला के हद में तेनुघाट ओपी, व्यवहार न्यायालय परिसर और गोमिया थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ लंबित कांडों की समीक्षा की तथा गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित कर कांडों के शीघ्र निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया।

जानकारी के अनुसार व्यवहार न्यायालय तेनुघाट परिसर के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह को गेट व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। न्यायालय परिसर में आने जाने वाले तीन गेट में से पहला गेट सिर्फ न्यायिक पदाधिकारियों के लिए, दूसरा गेट बंदी गाड़ी के आवागमन के लिए एवं तीसरा गेट अधिवक्ता, अधिवक्ता लिपिक, न्यायिक कर्मी और मुवक्किलों के लिए बनाया गया है। जिसे लेकर इसमें मौजूद पुलिस कर्मियों को गेट पर ड्यूटी, भीड़ नियंत्रण और आने-जाने वाले फरियादियों की पहचान व जांच से संबंधित कई निर्देश दिए गए। मकसद यह कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त रखना और अनावश्यक भीड़ को रोकना है। इस तरह का गेट विभाजन सामान्यतः सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए किया जाता है, ताकि न्यायिक काम में बाधा न आए और बंदियों की आवाजाही भी सुरक्षित रहे।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीटीएनएस प्रणाली में कांडों एवं अभिलेखों का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अद्यतन (अपडेशन) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी पैट्रोलिंग करने, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, मालखाना, हाजत अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक मीणा ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार बनाए रखने तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु प्रेरित किया। साथ ही साइबर अपराध रोकथाम हेतु जन जागरूकता के साथ ठोस कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो रविन्द्र कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक गोमिया जीतेन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक जरीडीह शैलेन्द्र कुमार सिंह, ओपी प्रभारी तेनुघाट भजन लाल महतो, थाना प्रभारी गोमिया प्रफुल्ल महतो व थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *