Advertisement

बोकारो में सीसीटीवी की कड़ी निगरानी, ट्रैफिक नियम तोड़ने पर स्वतः कटेगा चालान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में सड़क, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला पुलिस ने कई प्रमुख चौक-चौराहों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कैमरों की सीधी नजर रहेगी और नियम तोड़ने पर निर्धारित प्रावधानों के तहत स्वतः जुर्माना लगाया जाएगा।

बोकारो पुलिस द्वारा जिला के हद में चास के जोधाडीह मोड़, तलगड़िया, बोकारो स्टील सिटी के नया मोड़, जैनामोड़, पेटरवार, तेनुघाट समेत जिले के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे 24 घंटे निगरानी करेंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों एवं चालकों की पहचान करेंगे।

ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने एक भेंट में बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर कैमरे स्थापित कर दिए गए हैं तथा अन्य चिन्हित स्थलों पर भी कैमरा लगाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि उक्त कैमरे वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और किसी भी प्रकार के यातायात नियम उल्लंघन की स्थिति में सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार स्वतः ई-चालान जारी हो जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा अन्य ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अब सड़क पर सुरक्षा के साथ-साथ कैमरों की निगरानी भी लगातार जारी रहेगी, इसलिए लापरवाही महंगी पड़ सकती है। सावधानी हटी, दुर्घटना घटी की तर्ज पर अब यह भी समझना होगा कि नियम तोड़े, तो जुर्माना तय है। इसलिए सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना ही सबसे बेहतर विकल्प है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *