Advertisement

सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता शिविर आयोजित

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 20 नवंबर को बोकारो जिले (Bokaro District)  के सभी मतदान केंद्रों पर छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। सभी केंद्रों पर सुबह नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) उपस्थित थे।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों (Polling station) पर लोगों द्वारा प्रपत्र छह (नया नाम जोड़ने के लिए) प्रपत्र सात (नाम हटाने के लिए मृत अथवा स्थानांतरित) प्रपत्र आठ (संशोधन के लिए नाम उम्र एवं अन्य त्रुटि) प्रपत्र आठ क (एक ही विधानसभा में पता बदलने के लिए) आवेदन जमा किया गया। विशेष शिविर का निरीक्षण वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित प्रखंड में किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद ने चंदनकियारी प्रखंड, अपर समाहर्ता सादात अनवर ने पेटरवार प्रखंड, अनुमंडल पदाधिकारी चास दिलीप प्रताप सिंह शेखावात ने चास प्रखंड, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो अनंत कुमार ने गोमियां प्रखंड,आदि।

जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार ने चंद्रपुरा प्रखंड, भूमि सुधार उप समाहर्ता जेम्स सुरीन ने नावाडीह प्रखंड, आवासीय दंडाधिकारी मनीषा वत्स ने जरीडीह प्रखंड, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक सुमन ने कसमार प्रखंड एवं कार्यपालक दंडाधिकारी बेरमो छविवाला बारला ने बेरमो प्रखंड का निरीक्षण किया। सभी पदाधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बूथ लेवल एजेंट को जरूरी दिशा-निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार अगर आपकी उम्र 18 वर्ष है और आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो आपके पास मौका है मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 21 नवंबर को भी विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इसमें बूथ लेवल एजेंट (बीएलओ) सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। आगामी 24 नवंबर को दिव्यांग मतदाताओं का नाम जोड़ने/विलोपित/स्थानांतरण के लिए विशेष शिविर आयोजित होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *