Advertisement

खेलकूद प्रतियोगिता में सिंहभूम रीजन ने जीते 25 स्वर्ण के साथ 43 पदक

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में झारखंड वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में सिंहभूम रीजन ने 25 स्वर्ण के साथ कुल 43 पदक अपने नाम कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

जानकारी के अनुसार बीते 19 से 21 सितंबर को आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में सिंहभूम क्षेत्र के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में रांची रीजन ने कुल 66 पदक अपने नाम किये, जबकि सिंहभूम की टीम ने 25 स्वर्ण, नौ रजत व नौ कांस्य पदक के साथ कुल 43 पदक हासिल किये।

प्रतियोगिता में सिंहभूम ने टग ऑफ वार (रस्सा-कस्सी) के फाइनल में संथाल परगना को हराकर जीत अपने नाम किया। फुटबॉल फाइनल में भी सिंहभूम ने रांची रीजन को 4-0 से हराकर अपना दबदबा बनाए रखा। सिंहभूम ने तैराकी, पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, डिसकस थ्रो, शाटपुट आदि खेलो में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं हजारीबाग क्षेत्र की टीम ने भी 43 पदक हासिल किये। पलामू रीजन ने 45 पदक, बोकारो रीजन 26 पदक, दुमका रीजन 22 पदक जीतने में कामयाब रहा।

प्रतियोगिता के समापन समारोह के अवसर पर कलाकारों ने छऊ नृत्य प्रस्तुत करते हुए सबों का मन मोह लिया। इस प्रतियोगिता में 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 57 स्पर्धाएं आयोजित की गयी, जिसमें दौड़, शॉट पुट, डिसकस थ्रो, साइक्लिंग, वॉलीबॉल, कैरम, पॉवर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, टग ऑफ वार (रस्सा-कस्सी)और स्विमिंग जैसे खेल प्रतिस्पर्धा शामिल रहे।

खिलाड़ियों ने पूरे जोश और समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बताया गया कि सभी चयनित खिलाड़ी देहरादून में होने वाले अखिल भारतीय वन खेल कूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *