प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में रामनगर गुवा रहिवासी सेल के ठेकेदार उपेंद्र प्रसाद द्वारा 9 जनवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना है। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार मृतक उपेंद्र प्रतिदिन की भांति एलएनटी यार्ड के गोदाम में बैठकर ठेकेदारी से संबंधित कार्य कर रहे थे। इस दौरान वे गोदाम स्थित अपने कार्यालय में मौजूद थे। जब दोपहर लगभग 2:30 बजे वे भोजन के लिए घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें बुलाने के लिए उनका पुत्र एलएनटी यार्ड पहुंचा।
कार्यालय के अंदर जाने पर उसने देखा कि उसके पिता मफलर के सहारे छत के हुक से लटके है। आनन-फानन में आसपास के रहिवासियों को बुलाकर उन्हें नीचे उतारा गया और तुरंत गुवा सेल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि उपेंद्र प्रसाद न केवल एक ठेकेदार थे, बल्कि एक समाजसेवी के रूप में भी उनकी पहचान थी। गुवा बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में भगवान शिव मंदिर के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे शिव भक्त होने के कारण बीते 30 सालों हर श्रावण मास में बाबा धाम भगवान शिव के दर्शन करने सबसे पहले जाते थे तथा जनकल्याण की कामना कर लौटते थे। वे हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते थे। ऐसे में उनके द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई स्तब्ध है और क्षेत्र में गहरी संवेदना का माहौल बना है।
![]()













Leave a Reply