प्रबंधन ने दिया तीन माह में अवॉर्डी मजदूरों का सीजीआईटी से सत्यापन का आश्वासन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल के कथारा महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष बीते 25 मई से स्वांग वाशरी के अवॉर्डी मजदूरों के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को बेरमो एसडीओ मुकेश मछुवा के प्रयास से 29 मई को पांचवे दिन जूस पिलाकर समाप्त करवाया गया। एसडीओ के निर्देश पर क्षेत्रीय प्रबंधन ने सीजीआईटी से तीन माह के भीतर भूख हड़ताल पर बैठे चार अवॉर्डी मजदूरों के सत्यापन तथा नियोजन प्रक्रिया शुरु करने का लिखित आश्वासन दिया गया।
ज्ञात हो की स्वांग वाशरी से बैठाए गए अवॉर्डी मजदूरों द्वारा वर्षों से नियोजन की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में बीते वर्ष भी अवॉर्डी मजदूरों द्वारा झामुमो नेता मुमताज आलम के नेतृत्व में भूख हड़ताल किया गया था। जिसे बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार के प्रयास से तत्कालीन महाप्रबंधक संजय कुमार के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद भी नियोजन में विलंब को लेकर अवॉर्डी मजदूरों द्वारा सीसीएल मुख्यालय रांची के समक्ष धरना तथा अनशन किया गया था। यहां भी प्रबंधन द्वारा मामले में सही अवॉर्डी मजदूरों के सत्यापन तथा विधि सलाह के बाद नियोजन देने पर सहमति जताई गई थी।

इसे लेकर राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के राजधानी रांची स्थित मंत्री आवास पर त्रिपक्षीय वार्ता के बाद यथाशीघ्र कार्रवाई कर नियोजन प्रक्रिया चालू करने का आश्वासन सीसीएल के निदेशक मानव संसाधन हर्ष नाथ मिश्रा द्वारा दिया गया था।
मामले में विलंब होता देख पुनः 25 मई से अवॉर्डी मजदूर महेंद्र रजक तथा कालेश्वर प्रजापति के अलावा सहयोगी मजदूरों श्रीमती देवी, शिवराम तथा डिवीजन सिंह के द्वारा कथारा महाप्रबंधक के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी गयी।
इस दौरान क्षेत्र के महाप्रबंधक एकेबी सिंह द्वारा किए गए मान मनोव्वल तथा मामले में त्वरित कार्रवाई के मौखिक आश्वासन का भी हड़तालियो पर कोई असर नहीं पड़ा। अंततः बेरमो एसडीओ मुकेश मछुवा, गोमिया सीओ आफताब आलम, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकु कुमार यादव, कथारा महाप्रबंधक एकेबी सिंह, वरीय प्रबंधक एचआर सवींराज सिंह, सहायक प्रबंधक एचआर सूर्य प्रताप सिंह, क्षेत्रीय चिकित्सा प्रभारी डॉ निशा टोप्पो की उपस्थिति में मामले में सीजीआईटी से आग्रह कर तीन माह के भीतर त्वरित समाधान के लिखित आश्वासन के बाद उपरोक्त पदाधिकारी द्वारा भूख हड़ताल पर बैठे अवॉर्डी मजदूरों को जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त करवाया गया।

एक ओर भूख हड़ताल समाप्त होने से जहां सीसीएल प्रबंधन तथा बेरमो प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि कहीं इस बार भी तो अवॉर्डी मजदूर छले नहीं गये हैं।
मौके पर झामुमो नेता मुमताज आलम ने कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के दिशा निर्देश तथा उनके नेतृत्व में अवार्डी मजदूरों के हित में उक्त आंदोलन किया गया हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन मामले में पुनः बिलंब करती है तो अगला कदम अवार्डी मजदूरों द्वारा महाप्रबंधक कार्यालय में ताला बंदी द्वारा किया जायेगा।
बेरमो एसडीओ मुकेश मछुवा ने कहा कि वे अपने स्तर से भी सीसीएल प्रबंधन तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से सीजीआईटी से मामले में सत्यापन कार्य के जल्द निबटारे के लिए प्रयास करेंगे, ताकि सही हकदार को नियोजन मिल सके।
![]()













Leave a Reply